


लक्ष्य निर्माण योजना ट्रस्ट के वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि रहे महाराजश्री


श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने समाज व देश सेवा के कार्य करने पर संस्था के पदाधिकारियों की सराहना की
गाजियाबादः
लक्ष्य निर्माण योजना ट्रस्ट द्वारा रविवार को सेक्टर 5 राजेंद्र नगर साहिबाबाद के महाराजा अग्रसेन भवन में वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। साथ ही भारतीय संस्कृति व सभ्यता पर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया जिसके मुख्य अतिथि सिद्धपीठ श्री दूधेश्वरनाथ मठ महादेव मंदिर में जूना अखाड़ा के राष्ट्रीय प्रवक्ता, दिल्ली संत मंडल के अध्यक्ष एवं दूधेश्वरनाथ पीठाधीश्वर श्री महंत नारायण गिरी महाराज रहे। वार्षिकोत्सव का शुभारंभ महाराजश्री ने दीप प्रज्जवलित करके किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्माण योजना ट्रस्ट 13 वर्ष से समाज व देश सेवा तथा राष्ट्र निर्माण के कार्य में लगा है। संस्था के पदाधिकारियों ने समाज व देश सेवा की जो मशाल जलाई है, उसका प्रकाश समाज के जरूरतमंद बच्चों व युवाओं के जीवन में फैल रहा है। संस्था के पदाधिकारी ऐसे युवाओं से जो अपनी पढाई पूरी कर चुके हैं या अगली कक्षा में प्रवेश कर गए हैं, उनसे उनकी पुस्तकें एकत्रित कर उन्हें जरूरतमंद छात्र-छात्राओं तक पहुंचाकर बहुत ही पुण्य का कार्य कर रहे हैं। उनकी यह सेवा भगवान की सच्ची पूजा के समान ही क्योंकि सनातन वैदिक हिंदू धर्म में नर सेवा को ही नारायण सेवा माना गया है। संस्था के पदाधिकारियों ने जिस प्रकार समाज सेवा व देश सेवा का लक्ष्य निर्धारित किया है, उसी प्रकार सभी को अपना लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। हम लक्ष्य निर्धारित करके आगे बढेंगे, तभी हमें जीवन में सफलता प्राप्त होगी। श्रीमहंत नारायण गिरि ने कहा कि हमारी पहचान हमारे कर्मों व कार्यों से ही होती है। जो व्यक्ति समाज व देश सेवा के करता है, उसी का नाम होता है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस प्रकार खुद को जनता का सेवक मानकर जनता की, समाज की व देश कर सेवा में लगे हैं, उसी प्रकार हमें भी समाज व देश को मजबूत करने में अपना सहयोग देना होगा, तभी हमारा देश पुनः विश्व गुरू बन सकेगा। महाराजश्री ने प्रतियोगिता के विजेताओं व मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि पार्षद रामनिवास बंसल, सी एल बरेजा, राजकुमार जिंदल, अजय गुप्ता, केशव कांत मित्तल, सुनील कुमार गोयल, अमित गर्ग, मुकेश पाराशर, कुंज बिहारी सिंघल, अजय जैन, संस्था के गाजियाबाद अध्यक्ष विजय मित्तल, पंकज बंसल, राजीव गर्ग, प्रणव सिंघल, अक्षय अग्रवाल, सन्नी त्यागी, पिलखुवा अध्यक्ष सुधीर गोयल आदि ने भी संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यो की सराहना की। संस्था के रश्मि गुप्ता, घनश्याम दास गुप्ता, कपिल देव गुप्ता, प्रमोद कुमार केम, नीरज गुप्ता प्रगति गुप्ता, हरि प्रकाश गुप्ता, हरिओम शर्मा आदि पदाधिकारियों ने महाराजश्री का स्वागत अभिनंदन किया और उनका आशीर्वाद लिया।