



गाजियाबाद। श्री रामलीला समिति राजनगर की ओर से रामलीला मैदान में श्री गणेश जी की पूजा-अर्चना के बाद भव्य गणेश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा राजनगर के विभिन्न सेक्टरों से होते हुए वापस रामलीला मैदान पहुंची, जहां इसका विधिवत समापन हुआ। शोभायात्रा में बैंड-बाजे, रथ, घोड़ों के साथ विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं।शोभायात्रा से पूर्व श्री रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर आगामी श्री रामलीला महोत्सव के निर्विघ्न एवं सफल आयोजन की कामना की। इसके बाद गणेश जी की भव्य शोभायात्रा रवाना हुई। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान गणेश के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।शोभायात्रा के मुख्य अतिथि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ एवं शिक्षाविद राम अवतार जिंदल रहे। इस अवसर पर राम अवतार जिंदल ने कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता हैं और किसी भी शुभ कार्य से पहले उनकी पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि श्री रामलीला महोत्सव हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने आयोजन की सफलता और सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
