गाजियाबाद। वार्ड-25 स्थित अंबेडकर पार्क की जर्जर स्थिति और अव्यवस्थाओं को लेकर अब प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई तेज हो गई है। शहर विधायक संजीव शर्मा के निर्देश पर यूपीएसआईडीए (UPSIDA) के प्रबंधक (सिविल), निर्माण खंड-प्रथम को आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
मीडिया प्रभारी अजय चोपड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 अप्रैल 2026 को वार्ड-25 के पार्षद कन्हैया लाल द्वारा यूपीएसआईडीए के अंतर्गत एसएसजीटी रोड स्थित अंबेडकर पार्क की खराब हालत को लेकर पत्राचार किया गया था। इस पत्र में पार्क की साफ-सफाई, हरियाली की कमी, प्रकाश व्यवस्था की खराब स्थिति और अन्य अव्यवस्थाओं का उल्लेख किया गया था, जिस पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार पार्क में समुचित साफ-सफाई, हरियाली विकसित करने, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने तथा समग्र सौंदर्यीकरण कार्य जल्द प्रारंभ कराया जाएगा। इसके साथ ही विस्तृत आगणन (एस्टिमेट) तैयार कर मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
इस संबंध में विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पार्कों का विकास न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक होता है, बल्कि स्थानीय लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण भी प्रदान करता है।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और तय समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यों की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *