







सांसद अतुल गर्ग और विधायक संजीव शर्मा की मौजूदगी में रिवर हाइट्स सोसायटी में हुआ व्यापक अभ्यास, सायरन बजते ही सोसायटी में हुआ ब्लैक आउट
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी 75 जिलों में रविवार, 22 नवंबर को शाम छह बजे काल्पनिक हवाई हमले और ब्लैक आउट को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसी क्रम में सिविल डिफेंस गाजियाबाद के तत्वावधान में राजनगर एक्सटेंशन स्थित रिवर हाइट्स सोसायटी में एयर रेड एवं ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अतुल गर्ग और विधायक संजीव शर्मा उपस्थित रहे। डिप्टी कंट्रोलर अनुराधा सिंह और चीफ वार्डन ललित जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस अभ्यास में विभिन्न विभागों की टीमों ने अपनी आपातकालीन तैयारियों का प्रदर्शन किया।मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की काल्पनिक स्थिति तैयार कर सायरन के माध्यम से अलर्ट जारी किया गया। सायरन बजते ही सोसायटी के सभी फ्लैटों की लाइटें बंद कर ब्लैक आउट किया गया। इसके बाद काल्पनिक हवाई हमले के कारण लगी आग पर काबू पाने का अभ्यास किया गया। सिविल डिफेंस के वार्डनों ने छोटी आग बुझाई, जबकि अग्निशमन विभाग की टीम ने फायर टेंडर की मदद से बड़ी आग पर काबू पाने का प्रदर्शन किया। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने भी फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल कर आग बुझाने का अभ्यास किया।अभ्यास के दौरान घायल हुए लोगों को सिविल डिफेंस के वार्डनों ने प्राथमिक उपचार दिया और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। वहीं, ध्वस्त भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाला। टीम ने विशेष रेस्क्यू अभियान चलाते हुए पांचवीं मंजिल पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान अग्निशमन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नागरिक सुरक्षा, विद्युत विभाग और एसडीआरएफ सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, संचार व्यवस्था, त्वरित प्रतिक्रिया तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखना था। अभ्यास के समापन पर सभी विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी टीमों के कार्यों की समीक्षा की।कार्यक्रम का संचालन एडीसी नेम सिंह ने किया। इस अवसर पर सीएफओ सौरभ, एसीपी जियाउद्दीन अहमद, एसडीआरएफ से वैभव, डिप्टी चीफ वार्डन अनिल अग्रवाल, डिवीजनल वार्डन दीपक अग्रवाल, सुधीर कुमार, स्टाफ ऑफिसर टू चीफ वार्डन राजेंद्र शर्मा, डिप्टी डिवीजनल वार्डन संजय गोयल, अशोक कुमार, स्टाफ ऑफिसर संध्या त्यागी, तुषार कुमार सहित अनेक वार्डन मौजूद रहे। रिवर हाइट्स सोसायटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुबोध त्यागी एवं उनकी पूरी टीम ने भी आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
