गाजियाबाद। बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक एवं बहुजन आंदोलन के महानायक मान्यवर श्री कांशीराम जी के परिनिर्वाण दिवस पर 9 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित राज्यव्यापी श्रद्धांजलि कार्यक्रम को लेकर गाजियाबाद बसपा में जोरदार तैयारियां चल रही हैं। जिला बसपा अध्यक्ष मनोज जाटव के नेतृत्व में जनपद से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचकर कांशीराम जी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।मनोज जाटव ने बताया कि जनपद गाजियाबाद से करीब 15 बसों, लगभग 200 चार पहिया वाहनों तथा ट्रेन के माध्यम से करीब 200 से 250 कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचेंगे। कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह है और सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद से बसपा कार्यकर्ताओं की यह भागीदारी कांशीराम जी के प्रति सम्मान और उनके मिशन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाएगी।लखनऊ के मान्यवर श्री कांशीराम जी स्मारक स्थल, वीआईपी गेस्ट हाउस रोड पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशभर से बसपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक जुटेंगे। इस दौरान कांशीराम जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों और मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया जाएगा।बसपा जिलाध्यक्ष मनोज जाटव ने कहा कि कांशीराम जी ने अपना पूरा जीवन बहुजन समाज को सामाजिक और राजनीतिक रूप से मजबूत करने के लिए समर्पित किया। उन्होंने वंचित और शोषित वर्गों को संगठित कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया तथा सत्ता में भागीदारी का रास्ता दिखाया।उन्होंने कहा कि परिनिर्वाण दिवस केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि कांशीराम जी के मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का दिन है। गाजियाबाद से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की लखनऊ में मौजूदगी इसी संकल्प को मजबूत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *