




गाजियाबाद के राजनगर सेक्टर-10 में ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश शास्त्री के निवास पर श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ आयोजित हुई भव्य भजन संध्या
गोवर्धन पूजा गौसेवा, प्रकृति संरक्षण, धर्म, भक्ति एवं सामाजिक समरसता का दिव्य संदेश देती है : श्रीमहन्त नारायण गिरि जी महाराज
गाजियाबाद ( एकता ज्योति संवाददाता )भगवान श्रीकृष्ण की पावन गोवर्धन लीला एवं गोवर्धन पूजा महोत्सव के उपलक्ष्य में गाजियाबाद के राजनगर सेक्टर-10 स्थित भारतीय ज्योतिष संस्थान के ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश शास्त्री के निवास पर भव्य श्रीकृष्ण भजन संध्या का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण एवं श्री गोवर्धन महाराज की आराधना की।इस पावन अवसर पर ऐतिहासिक एवं पौराणिक सिद्धपीठ श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मंदिर, गाजियाबाद के पीठाधीश्वर, श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता, दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष, जूना अखाड़ा 13 मढ़ी के अध्यक्ष, श्री दूधेश्वर वेद विद्यालय के संरक्षक, हिंदू यूनाइटेड फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वर्ल्ड पीस ऑर्गेनाइजेशन के अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्रीमहन्त नारायण गिरि जी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में पधारे।महाराजश्री ने सर्वप्रथम भगवान श्रीगणेश, भगवान श्रीकृष्ण, राधारानी एवं श्री गोवर्धन महाराज का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर समस्त समाज की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चारण, शंखध्वनि एवं भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के मध्य पवित्र ज्योति प्रचंड कर भव्य भजन संध्या का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान संपूर्ण वातावरण भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष एवं भक्तिमय संकीर्तन से गुंजायमान हो उठा।कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद पिलखुवा के अध्यक्ष विभु बंसल, गाजियाबाद के पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार मुन्नी, अंबेडकर रोड स्थित दीपाली ज्वेलर्स के गौरव गर्ग तथा शंखनाद समाचार पत्र के प्रधान संपादक डॉ. बी.के. शर्मा सहित अनेक प्रतिष्ठित सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण एवं श्री गोवर्धन महाराज का पूजन कर धर्मलाभ प्राप्त किया।इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए महाराजश्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा सनातन धर्म की अत्यंत प्राचीन, पवित्र एवं महान आध्यात्मिक परंपरा है। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, गौसंरक्षण, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, सामूहिक एकता एवं धर्म के प्रति समर्पण का प्रतीक है। गोवर्धन पूजा हमें यह शिक्षा देती है कि प्रकृति, पर्यावरण, जल, अन्न, गौमाता एवं समस्त जीव-जगत का संरक्षण करना प्रत्येक मनुष्य का नैतिक एवं धार्मिक कर्तव्य है।उन्होंने कहा कि द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने देवराज इंद्र के अहंकार का नाश करने तथा ब्रजवासियों, गौमाता एवं समस्त जीव-जंतुओं की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा अंगुली पर सात दिनों तक धारण किया था। भगवान की यह अद्भुत लीला हमें सिखाती है कि जब समाज धर्म, सत्य, विश्वास और एकता के साथ खड़ा होता है, तब बड़ी से बड़ी विपत्ति का सामना भी साहस और धैर्य के साथ किया जा सकता है।महाराजश्री ने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में गौमाता को अत्यंत पूजनीय स्थान प्राप्त है। गौसेवा, संतसेवा, अन्नदान, परोपकार, धर्मरक्षा एवं मानवता की सेवा को जीवन के श्रेष्ठ कर्तव्यों में माना गया है। गोवर्धन पूजा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण ने संपूर्ण मानव समाज को प्रकृति के संरक्षण, पर्यावरण के संतुलन एवं जीवमात्र के प्रति करुणा का महान संदेश दिया है।उन्होंने विशेष रूप से युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों एवं श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेशों से प्रेरणा लेकर धर्म, संस्कृति, सदाचार, राष्ट्रसेवा एवं सामाजिक कल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी महान परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।महाराजश्री ने कहा कि भजन, कीर्तन, सत्संग एवं भगवान के नाम का स्मरण मनुष्य के जीवन में आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा, सद्बुद्धि एवं ईश्वर के प्रति समर्पण की भावना जागृत करता है। ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव, भाईचारा, सामाजिक समरसता एवं पारिवारिक संस्कारों को सुदृढ़ करते हैं। सनातन धर्म की वास्तविक शक्ति उसकी आध्यात्मिकता, सेवा, त्याग, करुणा एवं विश्व कल्याण की भावना में निहित है।कार्यक्रम के आयोजक ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश शास्त्री ने महाराजश्री का श्रद्धापूर्वक स्वागत एवं अभिनंदन कर उनका पावन आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों, धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होता है तथा भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं के प्रति आस्था और अधिक सुदृढ़ होती है।भव्य भजन संध्या में भगवान श्रीकृष्ण, राधारानी एवं श्री गोवर्धन महाराज की महिमा का मधुर भजनों एवं संकीर्तन के माध्यम से गुणगान किया गया। भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। संपूर्ण वातावरण राधे-राधे, जय श्रीकृष्ण एवं गिरिराज महाराज की जय के उद्घोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भजन संध्या में उत्साहपूर्वक सहभागिता कर भगवान की भक्ति का आनंद प्राप्त किया।कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को समाज में एकता, सद्भाव, संस्कार एवं आध्यात्मिक जागरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए ऐसे आयोजनों की निरंतरता पर बल दिया।अंत में महाराजश्री ने समस्त श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं देशवासियों को गोवर्धन पूजा महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं एवं मंगल आशीर्वाद प्रदान किए। उन्होंने भगवान श्री दूधेश्वरनाथ महादेव एवं भगवान श्रीकृष्ण से समस्त राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति, गौवंश के संरक्षण, सामाजिक सद्भाव, सनातन धर्म की उन्नति एवं संपूर्ण विश्व के कल्याण की मंगलकामना की।
