गाजियाबाद। उद्योग कुंज स्थित इमेंटेक एकेडमी ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के सभागार में 26 सितंबर को स्वर साधना कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ आईएएस व साहित्यकार पवन कुमार, समाजसेविका ममता चौधरी, वरिष्ठ रंगकर्मी प्रमोद शर्मा और पार्षद शिल्पा चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। माता सरस्वती के पूजन और स्वस्तिवाचन के बाद आचार्य संजीव रूप ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।कवि सम्मेलन में देशप्रेम, श्रृंगार, हास्य, गीत, गजल और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ी प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को देर तक बांधे रखा। हरियाणा से आए कवि प्रीतम नायक ने प्रेम और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया, जबकि बरेली के ओज कवि कमलकांत तिवारी ने वीर रस की प्रस्तुति से माहौल में जोश भर दिया।कवि सम्मेलन के संयोजक दीपक दीप ने प्रेम की महत्ता पर अपनी रचना प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। मेरठ की कवयित्री कोमल रस्तोगी ने भारत माता को समर्पित रचना सुनाई। आकाशवाणी दिल्ली से आए गजलकार रामअवतार बैरवा ने गजलों से समां बांधा। हास्य कवि डॉ. जयप्रकाश मिश्र ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया।दिल्ली के गीतकार डॉ. जयसिंह आर्य, बदायूं के आध्यात्मिक गुरु व गीतकार आचार्य संजीव रूप तथा कानपुर के वरिष्ठ गीतकार डॉ. राधेश्याम मिश्र ने भी अपनी रचनाओं से कार्यक्रम को ऊंचाई प्रदान की। कवियों की प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।समापन अवसर पर कृष्ण भक्त नवनीत प्रियदास ने आशीर्वचन एवं अध्यक्षीय उद्बोधन दिया। संयोजक दीपक दीप ने आयोजन समिति के सदस्यों विपिन त्यागी, शिवप्रताप यादव, मयंक शर्मा, सुनील शर्मा, शिवम कौशिक, विशाल त्रिपाठी, अरुणिम चौहान, कलिका सिंघल, कंचन और रितिक कुमार सहित सभी आगंतुकों का आभार जताया। कार्यक्रम में समाजसेवी छोटेलाल कनौजिया को सम्मानित किया l स्वादिष्ट भोजन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *