महाराजश्री ने कहा, बहनों द्वारा भाईयों को तिलक करने का शुभ मुहूर्त दोपहर 1.09 बजे से दोपहर 3.19 बजे तक रहेगा

गाजियाबादः प्राचीन सिद्धपीठ श्री दूधेश्वरनाथ मठ महादेव मंदिर गाजियाबाद के पीठाधीश्वर, श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता, दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष, जूना अखाड़ा 13 मढ़ी के अध्यक्ष, श्री दूधेश्वर वेद विद्यालय के संरक्षक, हिंदू यूनाइटेड फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष, विश्व शांति संगठन के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री एवं शाश्वत हिंदू के संरक्षक श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि भाई-बहन के अटूट प्यार व रिश्ते का प्रतीक भाई दूज यानि भैया दूज का पर्व बुधवार 11 नवंबर को मनाया जाएगा। उस दिन बहनें अपने भाईयों को तिलक कर उनकी लंबी आयु की कामना करेंगी। गाजियाबाद में बहनों द्वारा भाईयों को तिलक करने का शुभ मुहूर्त दोपहर 1.09 बजे से दोपहर 3.19 बजे तक रहेगा। महाराजश्री ने बताया कि भाई दूज जिसे यम द्वितीया भी कहा जाता है, हर साल कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाई जाती है। इस बार यह तिथि मंगलवार 10 नवंबर को दोपहर बजे से शुरू होकर 11 नवंबर की दोपहर 3.54 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर 11 नवंबर को भाई दूज मनाई जाएगी। यह पर्व दिवाली के दो दिन बाद आता है। इस पर्व से पहले गोवर्धन पूजा यानि अन्नकूट का पर्व मनाया जाता है। श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने बताया कि भाई दूज के दिन बहनें भाई को घर बुलाती हैं। उनका तिलक कर स्वागत करती हैं और उनके खाुशहाल व लंबे जीवन की कामना करती हैं। भाई उनको उपहार आदि भेंट करते हैं और उनकी जीवन भर रक्षा का संकल्प लेते हैं। यह पर्व भाई-बहनों के प्यार व रिश्तों को और अधिक मधुर व मजबूत बनाता है।श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने बताया कि भाई दूज से जुड़ी यमराज और उनकी बहन यमुना की कथा के अनुसार यमुना अपने भाई यमराज से बहुत स्नेह करती थीं। वह चाहती थीं कि उनका भाई कभी उनके घर आए और उनके हाथों से भोजन करे। उन्होंने कई बार यमराज को घर आने का निमंत्रण दिया। कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे। भाई को देखकर यमुना बहुत खुश हुईं। उन्होंने यमराज का स्वागत किया, उनके माथे पर तिलक लगाया और आरती उतारी। इसके बाद उन्हें भोजन कराया। यमुना के इस प्रेम और आतिथ्य से यमराज प्रसन्न हुए। उन्होंने अपनी बहन से वरदान मांगने के लिए कहा। तब यमुना ने उनसे कहा कि जो भाई इस दिन अपनी बहन के घर जाकर उससे तिलक करवाए और भोजन करे, उसे अकाल मृत्यु का भय न रहे। यमराज ने बहन को यह वरदान दे दिया। तभी से कार्तिक शुक्ल द्वितीया को भाई दूज मनाने की परंपरा शुरू हुई। इस दिन को यम द्वितीया भी कहा जाता है। यमाराज, कार्तिक शुक्ल द्वितीया के दिन अपनी बहन यमुना से मिलने पहुंचे थे। इसी वजह से इस तिथि को यम द्वितीया कहा जाता है। इस दिन यमराज की पूजा करने की भी परंपरा है। इससे भाई को लंबी उम्र का आशीर्वाद मिलता है। इस दिन यमुना नदी में स्नान करने का भी विशेष महत्व बताया गया है।महाराजश्री ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण व उनकी बहन सुभद्रा का भी इस पर्व से सम्बंध है। ऐसा कहा जाता है कि नरकासुर नामक राक्षस का वध करने के बाद भगवान श्रीकृष्ण अपनी बहन सुभद्रा से मिलने पहुंचे तो सुभद्रा ने आरती कर व तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। इसी के बाद से भाई दूज पर भाईयों का बहनों के घर जाने और बहनों द्वारा उनका तिलक लगाकर व आरती कर स्वागत करने की परम्परा चली आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *