

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस के होनहार आईपीएस अधिकारी एवं गाजियाबाद में डीसीपी सिटी के पद पर सेवाएं दे चुके निपुण अग्रवाल को अदम्य साहस और वीरता के लिए राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किए जाने पर बधाई देने का सिलसिला जारी है। लखनऊ में आयोजित गरिमामय सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें राष्ट्रपति वीरता पदक प्रदान किया।समरकूल के चेयरमैन संजीव कुमार गुप्ता ने निपुण अग्रवाल को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि निपुण अग्रवाल जैसे निडर, कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित पुलिस अधिकारियों पर पूरे देश को गर्व है। उनका यह सम्मान उनके साहस, कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट पुलिस सेवा का प्रमाण है।संजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि पुलिस अधिकारी विषम परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। निपुण अग्रवाल को मिला राष्ट्रपति वीरता पदक उत्तर प्रदेश पुलिस के शौर्य, साहस और समर्पण का भी प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मान पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों एवं जवानों को भी पूरी निष्ठा और साहस के साथ अपने दायित्व निभाने के लिए प्रेरित करेगा।
