मुरादाबाद। प्राचीन सिद्धपीठ श्री काली मंदिर, लालबाग में रविवार को शारदीय नवरात्रि महोत्सव का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हुआ। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में मां भगवती महाकाली की विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार, संकल्प पूजन, आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की।श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज के निर्देशानुसार एवं अध्यक्षता में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस अवसर पर श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज सहित जूना अखाड़ा के वरिष्ठ संत-महंत उपस्थित रहे।श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम और विद्युत विभाग की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई और विद्युत व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों ने सराहनीय सहयोग किया।उन्होंने एसपी सिटी रणविजय सिंह, इंस्पेक्टर के.के. राणा और चौकी इंचार्ज ओम शुक्ला सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की सक्रियता और समर्पण से श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण वातावरण में दर्शन करने की सुविधा मिली।महोत्सव के दौरान श्री काली मंदिर लालबाग में महंत महाकाल गिरि, महंत हितेश्वर गिरि और महंत विनोदानंद गिरि, श्री छोटी काली मंदिर में महंत महादेवानंद गिरि तथा श्री रामगंगा मंदिर में महंत विक्रमादित्य गिरि धार्मिक व्यवस्थाओं में सेवाएं दे रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए पूरे दिन भंडारे और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई है।विशेष आरती में महामंडलेश्वर स्वामी वीरेंद्रानंद गिरि महाराज, श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज, श्रीमहंत कंचन गिरि महाराज, श्रीमहंत शैलेंद्र गिरि महाराज, श्रीमहंत शिवानंद सरस्वती महाराज और महंत महाकाल गिरि महाराज सहित अनेक संत-महंत शामिल हुए। संत समाज ने मां महाकाली से देश में सुख-शांति, समृद्धि और विश्व कल्याण की प्रार्थना की तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, सेवकों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *