



समिति के अध्यक्ष एवं पदाधिकारीयों को दी शुभकामनाएं
सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाने की पहल सराहनीय : संजीव शर्मा
100वें मासिक सम्मेलन तक पहुंचना समिति की निरंतर सेवा और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रमाण
गाजियाबाद। सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने और विवाह योग्य युवक-युवतियों को जीवनसाथी चुनने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वैश्य एकता समिति, गाजियाबाद की ओर से आयोजित 100वें मासिक परिचय सम्मेलन का शुभारंभ शहर विधायक संजीव शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कालका गढ़ी चौक के पास अंबेडकर रोड स्थित दुर्गा वाशिंग पाउडर के कार्यालय में आयोजित इस सम्मेलन में वैश्य, ब्राह्मण एवं अन्य वर्गों के विवाह योग्य युवक-युवतियों और उनके परिजनों ने भाग लिया। कार्यक्रम की मेजबानी समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद गुप्ता के कार्यालय पर की गई।इस अवसर पर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि विवाह परिचय सम्मेलन समाज को जोड़ने, परिवारों के बीच आत्मीयता बढ़ाने और विवाह योग्य युवक-युवतियों को अपनी पसंद के अनुरूप जीवनसाथी चुनने का अवसर प्रदान करने वाली सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता, आपसी विश्वास और पारिवारिक संस्कारों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का संबंध नहीं, बल्कि दो परिवारों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और आत्मीयता का सेतु भी है।विधायक ने कहा कि वैश्य एकता समिति द्वारा लगातार मासिक परिचय सम्मेलन आयोजित करते हुए 100वें आयोजन तक पहुंचना उसकी प्रतिबद्धता, निरंतर सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रमाण है। समिति की यह पहल केवल वैवाहिक रिश्ते जोड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सद्भाव, सहयोग और समरसता को भी बढ़ावा देती है। ऐसे आयोजन परिवारों को एक-दूसरे के करीब लाने के साथ सामाजिक संबंधों को भी मजबूत बनाते हैं।संजीव शर्मा ने समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद गुप्ता और समस्त पदाधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक हित में काम करने वाली संस्थाएं समाज को संगठित करने और परिवारों को सहयोग देने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वैश्य एकता समिति भविष्य में भी इसी प्रकार समाजसेवा और सामाजिक एकता से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।सम्मेलन के माध्यम से सामाजिक सहयोग, पारिवारिक मूल्यों और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए 100वें मासिक परिचय सम्मेलन के आयोजन पर पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
