गाजियाबाद। सिद्धार्थ विहार व्यापार मंडल के अध्यक्ष, व्यापारी एवं समाजसेवी चौधरी वसीम अली ने समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि हम सभी एक-दूसरे के भाई हैं और समाज की मजबूती तभी संभव है, जब हर व्यक्ति एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़ा हो। किसी भी व्यक्ति के प्रति मन में नफरत का भाव नहीं रखना चाहिए, बल्कि प्रेम और इंसानियत को अपने जीवन का आधार बनाना चाहिए।चौधरी वसीम अली ने कहा कि सभी धर्म इंसान को अच्छाई, सच्चाई, सेवा और प्रेम का रास्ता दिखाते हैं। धार्मिक आस्था का वास्तविक उद्देश्य भी मानवता की सेवा और समाज में शांति स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च सभी हमें आपसी प्रेम, करुणा और सद्भाव का संदेश देते हैं। इसलिए धर्म के नाम पर किसी के प्रति भेदभाव या नफरत रखना उचित नहीं है।उन्होंने कहा कि समाज में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह अपने आसपास प्रेम और सकारात्मकता का वातावरण बनाए। छोटी-छोटी बातों को लेकर मनमुटाव बढ़ाने के बजाय बातचीत और आपसी समझ से समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।वसीम अली ने कहा कि आज जरूरत इस बात की है कि हम आने वाली पीढ़ी को भाईचारे और इंसानियत की सीख दें। बच्चों को बताया जाए कि सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान करना ही सच्चे संस्कार हैं। उन्होंने व्यापारियों और क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि वे मिल-जुलकर रहें और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे आएं। उन्होंने कहा कि नफरत से समाज कमजोर होता है, जबकि प्रेम और भाईचारे से समाज मजबूत बनता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *