
गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष वीरेन्द्र यादव एडवोकेट ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला फूंकने की घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे भाजपा की विकृत मानसिकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि इस तरह के कृत्य लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति उनकी अनास्था को दर्शाते हैं।वीरेन्द्र यादव ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर भाजपा जनता को गुमराह कर रही है। उनका कहना है कि विपक्ष की एकजुटता के कारण यह बिल लोकसभा में पारित नहीं हो सका, जिससे भाजपा अपनी राजनीतिक हार को छिपाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की नारी शक्ति को भ्रमित करने की राजनीति अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाली, क्योंकि महिलाएं जागरूक हैं और अपने हित-अहित को भली-भांति समझती हैं।उन्होंने यह भी कहा कि महिला आरक्षण के साथ न्याय तभी संभव है जब जनगणना के आधार पर सभी वर्गों के लिए उचित कोटा निर्धारित किया जाए। बिना ठोस तैयारी के बिल लाना केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश है।सपा नेता ने प्रशासन से मांग की है कि पुतला दहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगी।उन्होंने कहा कि देश की ज्वलंत समस्याओं जैसे महंगाई, बेरोजगारी और पलायन से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की राजनीति की जा रही है, जिसे जनता अब समझ चुकी है।
