





देवी मंदिर से निकली भव्य पंखा शोभायात्रा, शहरभर में श्रद्धालुओं ने किया जोरदार स्वागत
गाजियाबाद। प्राचीन सिद्धपीठ त्रिपुर सुंदरी देवी मंदिर में शारदीय नवरात्रि महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। नवरात्रि के अवसर पर मंदिर में प्रतिदिन मां भगवती की पूजा-अर्चना, हवन एवं शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान संत-महात्माओं, विद्वान पंडितों और श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।प्राचीन श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर के पीठाधीश्वर, श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता एवं दिल्ली संत महामंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि जी महाराज के आशीर्वाद एवं पावन सानिध्य में नवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया गया। देवी मंदिर के महंत गिरिशानंद गिरि जी महाराज ने धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन किया। महोत्सव के अंतर्गत रविवार को शहर में भव्य पंखा शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।शोभायात्रा में घोड़े, सुसज्जित रथ, बैंड-बाजे और ढोल-ताशे आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा डासना गेट, रमतेराम रोड, गंज क्षेत्र, जीटी रोड, कीर्तन वाली गली, बजरिया, घंटाघर और चौपला मंदिर होते हुए नवयुग मार्केट से पुनः देवी मंदिर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। मंदिर पहुंचने पर माता रानी की आरती एवं पूजा-अर्चना की गई।रामनवमी पर विशेष पूजा-अर्चना एवं कन्या पूजन19 सोमवार अक्टूबर को रामनवमी के पावन अवसर पर देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कन्या पूजन कर विशाल भंडारा का आयोजन होगा। मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। मां भगवती के दर्शन एवं पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भक्तों ने माता रानी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर कन्या पूजन किया गया तथा विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं को हलवा-पूरी सहित प्रसाद वितरित किया गया।मीडिया प्रभारी एस. आर. सुथार ने बताया कि देवी मंदिर में पिछले कई वर्षों से रामनवमी के अवसर पर महंत गिरिशानंद गिरि जी महाराज के नेतृत्व में कन्या पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में गाजियाबाद के व्यापारी, भक्तगण और श्रद्धालु सहयोग करते हैं तथा सेवा भाव से प्रसाद वितरण कर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं।उन्होंने बताया कि नवरात्रि महोत्सव के दौरान मंदिर में आयोजित पूजा-अर्चना, हवन, शतचंडी महायज्ञ, पंखा शोभायात्रा, कन्या पूजन एवं भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रीमहंत नारायण गिरि जी महाराज के आशीर्वाद से महोत्सव भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की गई तथा मां भगवती से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की गई।इनकी रही उपस्थितिभव्य पंखा शोभायात्रा एवं धार्मिक आयोजनों में गाजियाबाद शहर विधायक संजीव शर्मा, महंत महेश दास जी (बाबा लाल मंदिर), महंत विजय गिरि महाराज, उपमहापौर राजीव शर्मा, रूप गिरि महाराज, सुनील नागर, विजय मित्तल (अध्यक्ष, श्रृंगार सेवा समिति), साध्वी गिरजानंदनी गिरि, योगेन्द्र सिंह, सतवीन चौधरी, शिवकुमार सहित अनेक संत-महात्माओं, गणमान्य व्यक्तियों एवं सैकड़ों श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
