हरिद्वार कुंभ मेला 2027 के निमित्त 1 दिसंबर को भैरव अष्टमी के पावन अवसर पर होने वाला जूना अखाड़े का भूमि पूजन कार्यक्रम स्थगित हुआ

ब्रह्मलीन आचार्य महामंडलेश्वर का कैलाशवास संपूर्ण संत समाज एवं आध्यात्मिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति हैः श्रीमहंत हरि गिरि महाराजग्वालियर, मध्य प्रदेशःआध्यात्मिक जगत की महान विभूति, श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के आचार्य महामंडलेश्वर, बीकानेर के राजगुरु एवं कनखल, हरिद्वार स्थित श्रीयंत्र मंदिर सोमेश्वर धाम के पीठाधीश्वर स्वामी विशोकानंद भारती महाराज दिल्ली में आकस्मिक रूप से ब्रह्मलीन हो गए। उनके ब्रहमलीन होने से संपूर्ण संत समाज, अखाड़ा परिवार एवं आध्यात्मिक जगत में शोक की लहर व्याप्त हो गई है।उनके कैलाशवास का समाचार प्राप्त होते ही श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने गहरा शोक व्यक्त किया और जूना अखाड़े में तीन दिवसीय शोक की घोषणा की। श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी विशोकानंद भारती जी महाराज अत्यंत विद्वान, तपस्वी, त्यागमूर्ति एवं सनातन धर्म के महान संवाहक थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपराओं एवं संन्यास परंपरा के संरक्षण और संवर्धन के लिए समर्पित किया। महानिर्वाणी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर होने के साथ-साथ उनका श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के प्रति विशेष स्नेह, आत्मीयता एवं प्रेम था। समस्त अखाड़ों के मध्य एकता, समन्वय एवं सद्भाव बनाए रखने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके कैलाशवास से आध्यात्मिक जगत में उत्पन्न रिक्तता की पूर्ति कर पाना अत्यंत कठिन है।उन्होंने बताया कि स्वामी विशोकानंद भारती महाराज के ब्रहमलीन होने के कारण हरिद्वार कुंभ मेला 2027 के निमित्त 1 दिसंबर को भैरव अष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाला जूना अखाड़े का भूमि पूजन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। इसके साथ ही जूना अखाड़े से संबद्ध सभी प्रमुख मठों, मंदिरों, आश्रमों एवं पीठों में तीन दिनों तक विशेष धार्मिक समारोह एवं उत्सव स्थगित रहेंगे। इन तीन दिनों में ब्रह्मलीन आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती जी महाराज की पुण्य स्मृति में श्रीमद्भगवद्गीता पाठ, शांति पाठ, विशेष पूजा-अर्चना, हवन एवं श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जाएगा।श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि स्वामी विशोकानंद भारती महाराज ने सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपराओं एवं संन्यास परंपरा के संरक्षण और संवर्धन के जो कार्य किए, वे युगों-युगों तक सभी को प्रेरित करते रहेंगे। वे भले ही आज हम लोगों के बीच ना हो, मगर भक्तों के दिलों में हमेशा रहेंगे। श्रीमहंत हरि गिरि महाराज के निर्देश पर ग्वालियर में सिंध नदी के पावन तट पर स्थित भुवनेश्वर महादेव मंदिर में विभिन्न आश्रमों के पीठाधीश्वरों, महामंडलेश्वरों, वरिष्ठ संत-महात्माओं एवं नागा संन्यासियों ने ब्रह्मलीन आचार्य महामंडलेश्वर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की।जूना अखाड़े के जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज, जुगतगुरु स्वामी चक्रपाणिनंद गिरी जी महाराज उप आचार्य महामंडलेश्वर एवं गोकर्ण पीठाधीश्वर स्वामी कपिल पुरी महाराज, वरिष्ठ अध्यक्ष श्रीमहंत प्रेम गिरि महाराज, अंतरराष्ट्रीय सभापति श्रीमहंत मोहन भारती महाराज, श्रीमहंत महेश पुरी महाराज, श्रीमहंत विद्या सरस्वती महाराज सहित जूना अखाड़े की चारों मढ़ियों के पदाधिकारियों, महामंडलेश्वरों, श्रीमहंतों, थानापतियों एवं नागा संन्यासियों ने स्वामी विशोकानंद भारती महाराज के ब्रहमलीन होने पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed