
गाजियाबादः भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के पूर्व राष्ट्रीय सह-संयोजक अशोक कुमार गोयल ने कहा कि भारत के मजबूत लोकतांत्रिक ढांचे में अराजकता फैलाने और तख्तापलट करने की कोई भी कोशिश कभी सफल नहीं हो सकती। भारत एक सशक्त, स्वाभिमानी, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बन चुका है। यहां लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक संस्थाओं और देश की सुरक्षा व्यवस्था की जड़ें बेहद मजबूत हैं।अशोक कुमार गोयल ने कहा कि राष्ट्रविरोधी अराजक तत्व यदि जनभावनाओं को भड़काकर बांग्लादेश जैसी परिस्थितियां पैदा करने का प्रयास करते हैं, तो उनकी मंशा भारत में कभी पूरी नहीं होगी। भारतीय लोकतंत्र की मजबूती और देशवासियों की राष्ट्रभक्ति ऐसी किसी भी साजिश को विफल करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि भारत की जनता देश की एकता, अखंडता और संवैधानिक व्यवस्था के प्रति पूरी तरह सजग है।उन्होंने कहा कि भारत की तीनों सेनाएं जल, थल और नभ में अपनी विशिष्ट जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ राष्ट्र की सुरक्षा में जुटी हैं। आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित भारतीय सेनाएं देश का गौरव हैं। वहीं, कार्यपालिका और न्यायपालिका भी अपने-अपने संवैधानिक अधिकारों एवं दायित्वों के तहत राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।गोयल ने कहा कि सत्ता के मोह में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को अंजाम देने वाले तत्वों को आम देशवासी कभी समर्थन नहीं देंगे। देश का नेतृत्व हर चुनौती से निपटने में सक्षम है और भारत की सुरक्षा, संप्रभुता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, अराजकता फैलाने और राष्ट्रविरोधी बयानबाजी करने वालों की कोशिशें सफल नहीं होंगी। देश की जनता ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रत्येक भारतीय को अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं, सैन्य शक्ति और राष्ट्रीय एकता पर गर्व होना चाहिए।
