
गाजियाबाद। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन शहर विधायक संजीव शर्मा ने मां शैलपुत्री की आराधना के पावन अवसर पर गाजियाबाद सहित समस्त जनपदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मां शैलपुत्री से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य बनाए रखने की प्रार्थना की।संजीव शर्मा ने कहा कि नवरात्रि का पर्व भारतीय संस्कृति, आस्था और शक्ति की उपासना का प्रतीक है। मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना से भक्तों को धैर्य, साहस और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने की प्रेरणा मिलती है। यह पावन पर्व हमें श्रद्धा, संयम और सद्भाव के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश देता है।उन्होंने जनपदवासियों से नवरात्रि के दौरान आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कामना की कि मां शैलपुत्री के आशीर्वाद से सभी के घरों में खुशहाली आए और गाजियाबाद विकास, शांति एवं समृद्धि के पथ पर निरंतर आगे बढ़े।
