



गाजियाबाद। विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत गाजियाबाद पुलिस द्वारा जिले को नशा मुक्त एवं अवैध हथियार मुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली नगर उपासना पाण्डेय के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के एक शिक्षण संस्थान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और उन्हें इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। उपासना पांडेय ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके भविष्य और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है।इसके साथ ही छात्रों को “मिशन शक्ति” अभियान के बारे में भी जागरूक किया गया। इसमें महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता एवं सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई। छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों और सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी गई।पुलिस टीम ने साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।
