
गाजियाबाद। महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में गाजियाबाद महानगर में दुर्गा भाभी चौक से महारानी लक्ष्मीबाई चौक तक मातृशक्ति द्वारा भव्य बाइक रैली निकाली गई।


इस रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कानून के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।कार्यक्रम का शुभारंभ महिला आयोग सदस्य हिमानी अग्रवाल एवं महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने हरी झंडी दिखाकर किया।



इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इस कानून के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे उनकी राजनीतिक भागीदारी को मजबूती मिलेगी।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करते हुए समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा में लाने का प्रयास कर रही है।



सरकार का लक्ष्य महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।रैली के दौरान महिलाओं ने रानी लक्ष्मीबाई और महारानी दुर्गावती जैसी वीरांगनाओं का रूप धारण कर जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान ऋचा भदौरिया, प्रीति चंद्रा, ऊषा चौधरी, शिरोमणि त्यागी, विदुषी बंसल, पार्षद पूनम सिंह, रेनू चंदेला, प्रियंका पांडे , गौरव चोपड़ा, प्रदीप चौहान, राम त्यागी, सचिन डेढा सहित अनेक कार्यकर्ता एवं महिला शक्ति उपस्थित रही।
