


साहिबाबाद। लोक शिक्षण अभियान ट्रस्ट की ओर से शनिवार शाम ज्ञानपीठ केंद्र-1, स्वरूप पार्क, जीटी रोड साहिबाबाद में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती को सार्वजनिक जीवन में ‘सादगी एवं ईमानदारी दिवस’ के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया गया। डॉ. मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब प्रांत में हुआ था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता समाजवादी चिंतक एवं शिक्षाविद राम दुलार यादव रहे। अध्यक्षता सरदार जगतार सिंह भट्टी ने की। आयोजन इंजीनियर धीरेन्द्र यादव तथा संचालन श्रमिक नेता अनिल मिश्र ने किया। राजेंद्र सिंह ने भजन और हुकुम सिंह ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया।राम दुलार यादव ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने 1991 से 1996 तक वित्त मंत्री के रूप में देश की आर्थिक नीतियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में व्यापक आर्थिक सुधार लागू किए गए। बाद में उन्होंने 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह का सार्वजनिक जीवन सादगी, शालीनता और कर्मठता से जुड़ा रहा। उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम और शिक्षा के अधिकार जैसे कानून लागू हुए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. सिंह के सार्वजनिक जीवन और योगदान को आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।इस अवसर पर राम दुलार यादव, सरदार जगतार सिंह भट्टी, ओम प्रकाश अरोड़ा, सम्राट सिंह, जगन्नाथ प्रसाद, अनिल मिश्र, विजय मिश्र, मुनीव यादव, इंजीनियर धीरेन्द्र यादव, शिशिर यादव, हरिकृष्ण यादव, विक्रम सिंह, सुभाष यादव, राजेंद्र सिंह और हुकुम सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
