गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष इरफान अमानत चौधरी ने नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में लगभग 300 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पूरी तरह से जनता के साथ अन्याय है और इससे आम नागरिकों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ेगा।
इरफान अमानत चौधरी ने कहा कि पहले से ही आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक परेशानियों से जूझ रही है। ऐसे समय में नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में इतनी बड़ी बढ़ोतरी करना बिल्कुल भी उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मध्यम वर्गीय परिवार, छोटे व्यापारी और आम नागरिक पहले ही रोजमर्रा की बढ़ती कीमतों से परेशान हैं, ऐसे में हाउस टैक्स में 300 प्रतिशत तक की वृद्धि लोगों की मुश्किलों को और बढ़ा देगी।
उन्होंने नगर निगम प्रशासन से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए इस बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। इरफान अमानत चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी जनता के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम ने इस फैसले को वापस नहीं लिया तो पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ मिलकर इस मुद्दे को लेकर आंदोलन किया जाएगा।

