







गाजियाबाद। बृहस्पतिवार को राधा कृष्ण पब्लिक स्कूल के प्रांगण में बाल वाटिका के विद्यार्थियों के लिए विद्यारंभ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के सभागार में नर्सरी से यूकेजी तक के विद्यार्थियों के एकत्रीकरण के साथ हुई। प्रधानाचार्या मोनिका शर्मा, मुख्य अध्यापिका शिखा सिंह एवं अतिथियों का तालियों की गूंज के साथ स्वागत किया गया।प्रधानाचार्या एवं मुख्य अध्यापिका ने विद्यार्थियों का तिलक कर प्रथम दिवस पर उनका अभिनंदन किया और नए सत्र के लिए उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारत विकास परिषद की सदस्य इंदु वार्ष्णेय तथा गायत्री परिवार की सदस्य राज जिंदल रहीं। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।इस अवसर पर कक्षा 5 से 9 तक के विद्यार्थियों ने “महिषासुर मर्दिनी” गीत पर सुंदर प्रस्तुति दी, वहीं छात्र-छात्राओं एवं शिक्षिका निधि सिंह ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। अतिथियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया तथा विद्यार्थियों को पुस्तकें भेंट कर उनके शिक्षा जीवन की शुरुआत कराई गई।अंत में प्रधानाचार्या मोनिका शर्मा एवं मुख्य अध्यापिका शिखा सिंह ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कार्यक्रम का समापन हुआ।
