गाजियाबाद। शहीद ध्रुव लाल यादव की 32वीं पुण्यतिथि पर रविवार, 1 नवंबर को मोहन नगर तिराहा स्थित स्मारक वाटिका में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। उपस्थित लोगों ने देश की सुरक्षा के लिए उनके अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।शहीद ध्रुव लाल यादव का जन्म 4 मई 1951 को जौनपुर में हुआ था। उन्होंने वर्ष 1974 में उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं शुरू कीं। साहिबाबाद समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में तैनाती के दौरान उन्होंने अपराधियों और आतंकवादियों के खिलाफ अनेक साहसिक कार्रवाइयां कीं। उनकी वीरता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक (शौर्य), राष्ट्रपति पुलिस पदक और भारतीय पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था।1 नवंबर 1994 को आतंकवादियों के कब्जे से विदेशी नागरिकों को मुक्त कराने के अभियान के दौरान उन्होंने कांस्टेबल राजेश कुमार यादव के साथ अपने प्राणों की आहुति दे दी। उनका बलिदान आज भी पुलिस विभाग और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।श्रद्धांजलि सभा में पूर्व डीएसओ राजपाल सिंह यादव ने शहीद के पुलिस सेवा में दिए गए योगदान को याद किया। बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता नाहर सिंह यादव ने कहा कि ध्रुव लाल यादव का साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी। देश की रक्षा और नागरिकों की सुरक्षा के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।इस अवसर पर पूर्व एमएलसी राकेश यादव, जितेंद्र यादव, सुरेंद्र कुमार, व्यापारी नेता गोपीचंद प्रधान, राजपाल सिंह यादव, नाहर सिंह यादव, केके यादव, संजय यादव, महेश यादव, रमेश यादव, श्रीनिवास यादव, एसआर यादव, रामनिवास यादव, दिनेश यादव, सत्य प्रकाश यादव, राम अवतार यादव, केपी सिंह यादव, इंद्रपाल सिंह यादव, वीरेंद्र यादव, श्यामवीर यादव, कैप्टन सत्यपाल यादव, राम मुरारी यादव और मनोज यादव सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा, गाजियाबाद ने श्रद्धांजलि सभा में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *