टफन ग्लास से लेकर 16 सीसीटीवी तक का इंतजाम, एफआईआर के बाद आरोपियों की तलाश तेज

गाजियाबाद। नवयुग मार्केट स्थित अंबेडकर पार्क में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर सब्जी फेंके जाने की घटना सामने आने के बाद शहर विधायक संजीव शर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया। सोमवार सुबह करीब आठ बजे बीआर आंबेडकर समिति के अध्यक्ष ने फोन पर विधायक को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने नगर आयुक्त एवं प्रशासनिक अधिकारियों को मामले से अवगत कराया।सूचना मिलते ही विधायक संजीव शर्मा नगर निगम अधिकारियों और एसडीएम के साथ अंबेडकर पार्क पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं समाज की प्रेरणा और सम्मान का प्रतीक हैं। इनके साथ किसी भी प्रकार का अपमानजनक कृत्य स्वीकार नहीं किया जाएगा।विधायक के निर्देश पर प्रतिमा की सुरक्षा के लिए टफन ग्लास लगाने, पार्क में एसएस रेलिंग लगाने, साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण तथा पूरे पार्क में करीब 16 सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य शुरू कराया गया। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। विधायक ने पुलिस अधिकारियों को मामले की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।संजीव शर्मा ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का सम्मान और उनकी प्रतिमा की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *