


गाजियाबाद। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली नगर उपासना पाण्डेय ने थाना कोतवाली पुलिस बल के साथ क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों एवं आसपास के संवेदनशील इलाकों का व्यापक भ्रमण किया।इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। एसीपी ने विशेष रूप से नमाज के समय भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है, जिसके लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों से भी संवाद स्थापित किया गया और उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई। पुलिस की सतर्कता और व्यवस्थाओं के चलते सभी मस्जिदों में नमाज शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराई गई।पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
