
नई दिल्ली। लाल किले में आयोजित नव श्री राम धार्मिक रामलीला में सोमवार को वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति सुशील अनूप सिंह सहित अनिमेष दत्त, सुशील बबलू, अनुराग मित्तल और अमित गोयल ने शिरकत की। रामलीला कमेटी की ओर से सभी अतिथियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। इस दौरान अतिथियों ने भगवान श्रीराम की लीलाओं का मंचन देखा और आयोजन की भव्यता की सराहना की।रामलीला में आकर्षक मंच सज्जा, जीवंत दृश्यांकन और कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय ने धार्मिक प्रसंगों को साकार रूप प्रदान किया। मंच पर भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का प्रस्तुतिकरण दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।इस अवसर पर सुशील अनूप सिंह ने कहा कि लाल किले की रामलीला में भगवान श्रीराम की लीलाओं का सजीव चित्रण देखकर उन्हें बेहद प्रसन्नता हुई। कलाकारों ने अपने अभिनय से धार्मिक प्रसंगों को जिस प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की महत्वपूर्ण धरोहर है। ऐसे आयोजन भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।उन्होंने विशेष आमंत्रण के लिए रामलीला कमेटी का आभार व्यक्त किया और आयोजन की सराहना की।
