
गाजियाबाद। वार्ड 55 प्रताप विहार के ए ब्लॉक डबल स्टोरी स्थित छठ पूजा पार्क में छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर पार्षद संतोष राणा ने छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर साफ-सफाई, घाट की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान पार्षद ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ महापर्व से पहले सभी आवश्यक कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि शेष कार्य आज ही तेजी और गुणवत्ता के साथ संपन्न कराए जाएं, जिससे छठ व्रती माताओं-बहनों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।संतोष राणा ने स्वयं मौके पर खड़े होकर व्यवस्थाओं की निगरानी की और अधिकारियों से कहा कि पर्व की पवित्रता एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि वार्ड का विकास, क्षेत्रवासियों का सम्मान और प्रत्येक पर्व पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
